सपनों को लक्ष्य बनाइए, मेहनत को हथियार: विद्यार्थियों को SDM अवनीश त्रिपाठी ने दिए सफलता के मंत्र
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- संवाद पंचायत इंटर कॉलेज में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए विशेष करियर काउंसलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नवागंतुक उप जिलाधिकारी अवनीश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें करियर निर्माण और सफलता के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश की तैयारी, करियर विकल्प, समय प्रबंधन और ग्रामीण परिवेश की चुनौतियों से आगे बढ़कर सफलता हासिल करने को लेकर सवाल पूछे। छात्र-छात्राओं ने लैंगिक असमानता और घरेलू हिंसा जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दों पर भी अपनी जिज्ञासाएं सामने रखीं। SDM अवनीश त्रिपाठी ने विद्यार्थियों के सवालों का सरल और व्यावहारिक ढंग से जवाब देते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए सपनों को लक्ष्य में बदलना जरूरी है। लक्ष्य के प्रति अनुशासन, निरंतर मेहनत, समय का सदुपयोग और आत्मविश्वास सफलता की मजबूत नींव हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को परिस्थितियों से घबराने के बजाय चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला से विद्यार्थियों को प्रशासनिक अनुभवों से सीखने और अपने भविष्य की दिशा तय करने का अवसर मिला। इस अवसर पर तहसीलदार प्रदुम्न सिंह, वरिष्ठ अध्यापक विनोद कुमार सिंह, अजीत श्रीवास्तव, दीपंकर पाण्डेय, देवेंद्र पाण्डेय, धर्मेंद्र त्रिपाठी, रजत कुमार और सोनू विश्वकर्मा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में साहित्यकार शिक्षक मृत्युंजय नवल ने अपना काव्य संग्रह ‘ख्वाइशों का जंगल’ भेंट किया।
यह भी पढ़ें : प्राथमिक विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर कथित अश्लील भोजपुरी गाने पर बच्चों का डांस, वीडियो चर्चा में